Showing posts with label अवतार सिंह पाश: उनका युग कविता और राजनीति. Show all posts
Showing posts with label अवतार सिंह पाश: उनका युग कविता और राजनीति. Show all posts

Saturday, 11 April 2015

अवतार सिंह पाश: उनका युग, कविता और राजनीति

- राजेश त्यागी,  रजिंदर / १२ अप्रैल २०१५

युद्ध से बचने की लालसा ने
हमें लताड़ दिया है घोड़ों की नाल के नीचे,
हम जिस शांति के लिए रेंगते रहे
वो शांति बाघों के जबड़ों में
स्वाद बनके टपकती रही
(‘युद्ध और शांति’ से)

२३ मार्च १९८८ को वह आवाज खामोश हो गई जिसने दो दशक पंजाबी कविता को एक नया क्रान्तिकारी आयाम, एक नई जुझारू विधा दी, उसे विद्रोह के नए स्वरों से दोबारा लैस किया. पाश को खालिस्तानी फासिस्टों ने गोली मार दी. भगत सिंह के शहीदी दिवस पर ही पाश भी शहीद हुए.

पाश की कविता से हम सब परिचित हैं. मगर पाश की राजनीति क्या थी, जिसे उनकी कविताओं ने अभिव्यक्ति दी? इस राजनीति और उसके विकासक्रम को समझे बिना हम पाश और उसकी कविता को पढ़ तो सकते हैं, समझ नहीं सकते. क्या महज़ यह कह देने भर से कि पाश वामपंथी या क्रान्तिकारी कवि थे, पाश और उसकी कविता को, उसके उस विकास को समझा जा सकता है, जिसने पाश को न सिर्फ पूंजीवादी सत्ता और फासिस्ट खालिस्तानियों, बल्कि झूठे वामियों के भी मुख्य निशाने पर रख छोड़ा था?